नगर विकास विभाग के कार्यो की डीएम ने की समीक्षा

बाराबंकी, 10 मार्च। सोमवार को जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में नगर विकास विभाग के कार्यो की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने नगर पालिका नवाबगंज व जिले की 13 नगर पंचायतों के विकास कार्यों, सड़क, नाली, जलापूर्ति, पार्क, टैक्सी स्टैंड, व स्कूलों के कायाकल्प के कार्यों की अद्यावधि समीक्षा करते हुए निर्धारित समय में सभी अवशेष कार्यो को शीघ्रता के साथ पूर्ण करने के निर्देश सम्बंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा किया जाए। उससे अधिक समय लगाने वाले व कार्यो के प्रति लापरवाह ठेकेदारों पर पेनाल्टी लगाई जाए। इसके उपरांत कार्य न पूरा करने वाले ठेकेदारों पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। नगर पालिका व नगर पंचायतों द्वारा क्रय किये जाने वाले समान, स्ट्रीट लाइटें, वाटर कूलर व मोबाइल टॉयलेट आदि सहित जो भी समान क्रय किया जाए उसकी गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाए। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत कूड़े को एकत्र करने व उसके निस्तारण के लिये डम्पिंगयार्ड आदि स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए साथ ही कूड़े का डोर-टू-डोर कलेक्शन कराया जाए। मत्स्य पालन व अन्य कार्यों हेतु तालाबों की नीलामी सुनिश्चित कराई जाए। नगरपालिका औऱ नगर पंचायतों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। जिलाधिकारी ने सम्बंधित सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शहरी आवासों के सत्यापन का कार्य शीघ्रता से पूरा करा लिया जाए जिससे समय से पात्र व्यक्तियों को योजना के लाभ से आच्छादित किया जा सके। इसके अलावा जिलाधिकारी ने डूडा विभाग से सम्बंधित कार्यों की समीक्षा बैठक करके आवासों के सत्यापन और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में एडीएम श्री इंद्रसेन, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुश्री मधुमिता सिंह, ईओ नगर पालिका नवाबगंज सहित समस्त नगर पंचायतों के ईओ व सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

adminaajki

Written by

adminaajki

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *